Sunday, July 10, 2022

"गुरु का सानिध्य कर्म की ओर प्रवृत्त करता है |" : गुरु पूर्णिमा उत्सव जबलपुर

 

विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी शाखा जबलपुर द्वारा गुरुपूर्णिमा उत्सव 3 स्थानों पर आयोजित किया गया | नगर का मुख्य कार्यक्रम स्थानीय केशरवानी कॉलेज में आयोजित किया गया जिसमें नगर के प्रबुद्धजन सपरिवार सहभागी हुए | कार्यक्रम में केन्द्र परिचय के साथ विगत एक वर्ष की अवधि में जबलपुर में विवेकानन्द केन्द्र द्वारा संचालित कार्यपद्धति यथा संस्कार वर्ग, केन्द्र वर्ग, योग वर्ग और स्वाध्याय वर्ग की रिपोर्टिंग जानकारी प्रस्तुत की गई | आनंदालय प्रकल्प और गत वर्ष आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी सभी श्रोताओं को दी गई | नगर संचालक श्री अतुल दुबे जी द्वारा विवेकानन्द केन्द्र द्वारा जारी माननीया निवेदिता दीदी का पत्रक पठन किया गया | पत्रक में भारतीय सनातन आदर्शों के अनुरूप व्यावहारिक जीवनशैली को अपनाने का मार्गदर्शन दिया गया | ओंकार हमारे लिए शास्वत प्रेरणास्त्रोत है | गुरु के रूप में ओंकार की प्रार्थना का तात्पर्य है अपने आत्मरूप को जागृत करना |  गुरु शिष्य परम्परा के महत्त्व को रेखांकित करते हुए श्री अभिनेश कटेहा जी ने भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर बताया जिसे अक्षुण रखना हम सबका दायित्व है | गुरु का सानिध्य कर्म की ओर प्रवृत करता है | नगर में आनंदालय प्रकल्प के अंतर्गत लगभग 90 बच्चों की उपस्थिति में गुरुपूर्णिमा उत्सव मनाया गया | बच्चों के बीच विषय रखते हुए श्री राकेश अग्रवाल ने बच्चों को प्रेरित करने आनंदालय की गतिविधियों को समाज के लिए आवश्यक बताया | बच्चों ने भजन गायन, पूजन के साथ उत्सव मनाया |  स्थानीय विवेकानन्द विस्तार के अंतर्गत श्रीराम मंदिर, यादव कालोनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया | गुरुपूर्णिमा उत्सव में विवेकानन्द केन्द्र कार्यकर्ताओं सहित प्रबुद्धजनों, महिलाओं, बच्चों ने सपरिवार सहभागिता दिखाई |